April 6, 2026

ऑस्ट्रेलिया के जिम में 22 वर्षीय सिख नर्स पर नस्लीय हमला, अस्पताल में भर्ती

ऑस्ट्रेलिया के जिम में 22 वर्षीय सिख नर्स पर...

गीलॉन्ग (ऑस्ट्रेलिया), 19 फरवरी : ऑस्ट्रेलिया के गीलॉन्ग शहर के उपनगर कोरियो में एक 22 वर्षीय सिख नर्स पर जिम के बाहर तीन व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान हरमन प्रीत सिंह के रूप में हुई है। हरमन प्रीत सिंह ने बताया कि जब वह अपनी कसरत पूरी कर जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी तीन लोगों ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि ये लोग प्रशिक्षण के दौरान भी उन्हें तंग करते रहे और बाद में जिम के बाहर उनका इंतजार किया।

वीडियो वायरल, नस्लीय गालियां देने का आरोप

घटना उस समय सुर्खियों में आई जब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति सिंह का सामना करते हुए कथित तौर पर उन्हें “इंडियन डॉग” कहकर नस्लीय गालियां देता दिखाई देता है। सिंह का आरोप है कि बहस के दौरान एक व्यक्ति उनके चेहरे के बेहद करीब आया और उन्हें मुक्का मारा, जिससे उनकी नाक से तुरंत खून बहने लगा। हमलावर कथित रूप से एक ग्रे रंग की सेडान कार में मौके से फरार हो गए, जबकि घायल सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें रातभर भर्ती रहना पड़ा।

सर्जरी की संभावना, मानसिक प्रभाव गहरा

रिपोर्टों के मुताबिक, सिंह को विशेषज्ञ से परामर्श की जरूरत पड़ सकती है और उपचार के तहत सर्जरी पर भी विचार किया जा रहा है। उन्हें लगभग एक सप्ताह बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। इस घटना पर बोलते हुए सिंह ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें नस्लीय दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस बार की घटना का उन पर गहरा भावनात्मक प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने कहा, “मैं खुद को मजबूत रखने की कोशिश करता हूं और ऐसी बातों को नजरअंदाज करता हूं, लेकिन यह बेहद दुखद है।” सिंह ने यह भी बताया कि अब वे खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं और उन्हें नहीं पता कि वे उसी जिम में दोबारा जाएंगे या अपने व्यायाम का समय बदलेंगे।