February 4, 2026

अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 30–35 किलो हेरोइन बरामद

अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास...

अमृतसर, 29 जनवरी : पुलिस ने भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजासांसी के ओठियां इलाके में हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद कर नशा तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया है। बरामद की गई हेरोइन की मात्रा करीब 30 से 35 किलोग्राम बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो तस्कर आधी रात के समय बाइक पर सवार होकर इस नशे की खेप को ठिकाने लगाने जा रहे थे। वे कच्चे रास्ते के जरिए आगे बढ़ रहे थे और जैसे ही पक्की सड़क पर चढ़ने लगे, वहां तैनात पुलिस मुलाजिम ने उन्हें रोक लिया।

पुलिस की सतर्कता से नाकाम हुई तस्करी

पुलिस कर्मी ने तस्करों से कहा कि इतनी भारी बोरियों से लदी बाइक इस ऊंचाई पर नहीं चढ़ सकेगी। यह सुनते ही दोनों तस्कर घबरा गए और बाइक समेत नशे की खेप वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने जब छोड़े गए बैगों की तलाशी ली तो उनमें से पाकिस्तान से भेजी गई करीब 30 से 35 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत इस संबंध में जांच शुरू कर दी है और फरार तस्करों की तलाश जारी है।

आप नेता सोनिया मान मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी की माझा जोन की इंचार्ज सोनिया मान भी मौके पर पहुंचीं और पूरी स्थिति का जायजा लिया। इस बरामदगी ने एक बार फिर सीमा पार से हो रही नशा तस्करी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

यह भी देखें : पंजाबी अभिनेता पुखराज भल्ला को बड़ा सदमा, दादी का निधन