October 6, 2025

भाखड़ा और पोंग बांधों से पानी छोड़ा गया, फसलें जलमग्न

भाखड़ा और पोंग बांधों से पानी...

चंडीगढ़/नंगल, 5 अक्तूबर : मौसम विभाग द्वारा अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के मद्देनजर भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने आज भाखड़ा और पौंग बांधों के फ्लड गेट खोल दिए। फ्लड गेट खुलने से दोनों बांधों से सतलुज और ब्यास नदियों में पहले की तुलना में अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों नदियों में पानी बढ़ने से सतलुज और ब्यास के किनारे रहने वाले लोग दहशत में आ गए हैं, जो बाढ़ से हुए नुकसान से उबर भी नहीं पाए हैं।

दर्जनों गांवों के खेतों में भी पानी घुस गया

उन्हें फिर से बाढ़ का खतरा सताने लगा है। इसके साथ ही सतलुज नदी के किनारे बसे दर्जनों गांवों के खेतों में भी पानी घुस गया है। जानकारी के अनुसार बीबीएमबी द्वारा आज दोपहर 12 बजे भाखड़ा और पौंग बांधों के फ्लड गेट खोल दिए गए। इससे पहले भाखड़ा बांध से करीब 36 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जबकि इसमें 7 हजार क्यूसेक की बढ़ोतरी की गई। भाखड़ा बांध में इस समय जलस्तर 1672.31 फीट है, जो खतरे के निशान से 7.69 फीट नीचे है।

भाखड़ा बांध से सतलुज में पानी छोड़े जाने से गांव बेला धियाणी, भनम, हरसा बेला, पट्टी दुलची समेत दर्जनों गांवों के खेतों में पानी घुस गया। इस दौरान किसानों की पकी फसलें फिर से पानी में डूब गई हैं। उधर, पौंग बांध से सुबह 17 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए शाम पांच बजे 49 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस समय पौंग बांध में जलस्तर 1388.02 फीट दर्ज किया गया है। पौंग बांध से पानी छोड़े जाने से ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। इसी तरह रणजीत सिंह सागर बांध से भी शाम करीब पांच बजे 33 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि पानी की आवक मात्र 565 क्यूसेक है।

मौसम विज्ञानियों ने बारिश की संभावना जताई

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 5 से 7 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों ने पंजाब में 5 और 6 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट और 7 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी 6 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट और 5 और 7 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश होगी।

यह भी देखें : राजेश प्रसाद चंडीगढ़ के नए मुख्य सचिव बने