चंडीगढ़, 16 अक्तूबर : सीबीआई ने आज रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया। आईपीएस अधिकारी को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। भुल्लर को मोहाली स्थित उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई टीम ने एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस गिरफ्तारी के बारे में चुप्पी साधे हुए हैं।
भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ लेन-देन की शिकायतें मिली
खबरों के अनुसार, सीबीआई को डीआईजी भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ लेन-देन और पद के दुरुपयोग की शिकायतें मिली थीं। इसके आधार पर एजेंसी ने जांच शुरू की थी। सूत्रों ने बताया कि भुल्लर के दफ्तर, घर और खन्ना के फार्महाउस की भी तलाशी ली गई। भुल्लर को गिरफ्तार करने के बाद उसे पंचकूला लाया गया और फिर वापस भेज दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई चंडीगढ़ ने फतेहगढ़ के एक कबाड़ी की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सीबीआई टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पंजाब पुलिस का कोई भी कर्मचारी, जो प्रतिनियुक्ति पर था, छापेमारी टीम का हिस्सा न बने।
27 नवंबर को डीआईजी का पदभार संभाला था
भुल्लर ने पिछले साल 27 नवंबर को रोपड़ रेंज के डीआईजी का पदभार संभाला था। इससे पहले, वह पटियाला रेंज के डीआईजी के पद पर तैनात थे। भुल्लर रोपड़ रेंज में नशा विरोधी अभियान ‘वार्ड अगेंस्ट ड्रग्स’ में शामिल थे। हरचरण सिंह भुल्लर पंजाब के पूर्व डीजीपी मेहल सिंह भुल्लर के बेटे हैं। उन्होंने उस विशेष जांच दल का भी नेतृत्व किया था जिसने अकाली नेता बिक्रम मजीठिया से नशा तस्करी के आरोपों में पूछताछ की थी।
यह भी देखें : ए.एस.आई. संदीप मामला आत्म हत्या नहीं बल्कि कत्ल का है : हरपाल चीमा

More Stories
सीएम भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन से CBI की दूसरी बार पूछताछ, 50 सवाल पूछे
खन्ना पुलिस ने चंडीगढ़ फ्लैट 45 लाख रुपए की ठगी मामले में प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया
गुलजार सुसाइड केस में कांग्रेस का मार्च, चंडीगढ़ पुलिस ने सचिन पायलट को हिरासत में लिया