December 1, 2025

रोडवेज और जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से यात्री और मरीज परेशान

रोडवेज और जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल...

जालंधर, 29 नवम्बर : पंजाब में किलोमीटर स्कीम के विरोध में रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए, जिससे जालंधर समेत पूरे राज्य में सरकारी बस सेवाएं पूरी तरह से ठप रहीं। शुक्रवार सुबह 5 बजे से हड़ताल के कारण रोडवेज के 18 और पीआरटीसी के 9 डिपो में जाम लग गया। कर्मचारी तब और भड़क गए जब सुबह यूनियन नेताओं को नजरबंद कर दिया गया।

सरकारी बसें बंद होने से रूटों पर सिर्फ निजी बसें ही चलीं, लेकिन भीड़ के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुफ्त यात्रा सुविधा न मिलने से बुजुर्गों को ज्यादा किराया देकर सफर करना पड़ा।उधर, वेतन और हॉस्टल की समस्याओं को लेकर सिविल अस्पताल जालंधर में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही।

ओपीडी और वार्ड सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं, जिससे मरीजों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ा। डॉक्टरों ने केवल इमरजेंसी और लेबर रूम सेवाएं ही चालू रखीं। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हड़ताल खत्म नहीं होगी, जबकि अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि इंटर्न डॉक्टरों की मदद से सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं।

यह भी देखें : जेई और ठेकेदार 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू