चंडीगढ़, 17 दिसम्बर : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ब्रिटिश उप उच्चायुक्त अल्बा स्मारिग्लियो और ब्रिटेन स्थित तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान कहा कि पंजाब पारंपरिक और उभरते क्षेत्रों में ब्रिटेन के साथ मजबूत व्यापारिक संबंध स्थापित करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि राज्य ने सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की है, जिनमें उच्च शिक्षा, वस्त्र, इंजीनियरिंग, ऑटो कंपोनेंट्स और कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण शामिल हैं, साथ ही फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा, सूचना प्रौद्योगिकी और व्यावसायिक सेवाएं जैसे नए उभरते क्षेत्र भी शामिल हैं।
मान ने कहा कि पंजाब में विश्व स्तरीय और मजबूत कनेक्टिविटी नेटवर्क है, जिसमें पांच हवाई अड्डे और मजबूत राष्ट्रीय राजमार्ग संपर्क शामिल हैं, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करते हैं।
पंजाब अन्य राज्यों की तुलना में सस्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में उच्च कुशल कार्यबल है, जो हर क्षेत्र के विकास की कुंजी है। पंजाब अन्य राज्यों की तुलना में सस्ता और शांतिपूर्ण श्रम बल प्रदान करता है, जो इसे निवेश के लिए एक पसंदीदा स्थान बनाता है। इन्वेस्ट पंजाब एक एकल खिड़की प्रणाली के रूप में कार्य करता है, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करता है और स्वतः स्वीकृत होने की संरचना के साथ निवेशकों का इस प्रणाली पर विश्वास बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने मोहाली में आयोजित पंजाब प्रगतिशील निवेशक शिखर सम्मेलन (पीपीआईएस) में भाग लेने के लिए ब्रिटेन के निवेशकों को आमंत्रित किया और शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन केंद्रित एक विशेष सत्र का प्रस्ताव रखा। उन्होंने टाइनोर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बेडफोर्ड स्कूल, मुंजाल बर्मिंघम विश्वविद्यालय, गंगा एक्रोवूल्स, नेटस्मार्ट्स, रॉकपैकर और अन्य कंपनियों का विचार-विमर्श में भाग लेने के लिए स्वागत किया।
ब्रिटेन हमेशा से पंजाब का एक विश्वसनीय साझेदार रहा है
पंजाब और ब्रिटेन के बीच सदियों पुराने और भावनात्मक संबंधों को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटेन हमेशा से भारत, विशेषकर पंजाब का एक विश्वसनीय साझेदार रहा है और पंजाबी इन संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह से तैयार और उत्सुक हैं। उन्होंने ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों को मोहाली और पंजाब के अन्य हिस्सों में अपने परिसर स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह भी देखें : गुरमीत सिंह पप्पी शिरोमणि अकाली दल से 6 साल के लिए बर्खास्त

More Stories
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा
डेरा ब्यास प्रमुख पर टिप्पणी छोड़ें, राज्य संभालें CM मान: प्रताप बाजवा
फतेहगढ़ साहिब से बड़ी राजनीतिक नियुक्ति, अकाली दल ने कसी कमर