January 13, 2026

भारत पर 575 फीसदी टैरिफ लगाने की तैयारी में ट्रंप

भारत पर 575 फीसदी टैरिफ...

नई दिल्ली, 13 जनवरी : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ के संबंध में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उसे अमेरिका के साथ अपने व्यापार पर 25% का टैरिफ चुकाना होगा। यह जानकारी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा की। यह निर्णय ईरान में चल रहे बड़े सरकारी विरोधी प्रदर्शनों के संदर्भ में लिया गया है, जो पिछले कई वर्षों में देश में हुए सबसे बड़े प्रदर्शनों में से एक माने जा रहे हैं।

ट्रंप के इस नए आदेश का भारत पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना है, क्योंकि भारत पहले से ही अमेरिका को अपने निर्यात पर 50% टैरिफ का सामना कर रहा है। इसमें से 25% रेसिप्रोकल टैरिफ हैं, जो एक प्रकार का प्रतिशोध है, जबकि शेष 25% टैरिफ भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद के कारण लगाया गया है। हाल ही में ट्रंप ने यह भी कहा था कि जो देश रूस के साथ व्यापार जारी रखेंगे, उन पर 500% तक का टैरिफ लगाया जा सकता है।

भारत पर कैसे लग सकता है 575% टैरिफ?

ट्रंप के फरमानों के मुताबिक अमेरिका के साथ व्यापार करने पर भारत को 575 फीसदी टैरिफ देना पड़ सकता है। चूंकि अभी भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगा हुआ है। भारत अगर रूस से व्यापार जारी रखता है तो अमेरिका भारत पर 500 फीसदी टैरिफ लगा सकता है। चूंकि भारत और ईरान के बीच भी कारोबार है। ऐसे में भारत पर ट्रंप ईरान के साथ व्यापार को लेकर 25 फीसदी लगा सकते हैं। इस प्रकार भारत पर कुल 575 फीसदी टैरिफ लग सकता है।

भारत ईरान के बीच व्यापारिक रिश्ते कैसे

भारत और ईरान के बीच व्यापारिक रिश्ते काफी पुराने और महत्वपूर्ण हैं। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत हाल के वर्षों में ईरान के शीर्ष पांच व्यापारिक भागीदारों में से एक रहा है। भारत ईरान को चावल, चाय, चीनी, दवाइयां, कृत्रिम रेशे, बिजली की मशीनें और नकली गहने जैसी चीजें निर्यात करता है। वहीं, ईरान से भारत सूखे मेवे, अकार्बनिक/कार्बनिक रसायन और कांच के सामान जैसी चीजें आयात करता है।