March 2, 2026

मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अकाल तख्त साहिब में होंगे पेश

मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अकाल...

अमृतसर, 15 जनवरी : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज सिखों के सर्वोच्च तख्त, श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश होंगे। वह अमृतसर पहुंच चुके हैं। अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के निर्देशों के अनुसार सचिवालय में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विशेष स्टाफ की तैनाती, सुबह 9.30 बजे खुला सचिवालय

सचिवालय के एक अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ बैठक को लेकर विशेष स्टाफ की तैनाती की गई है। आमतौर पर अकाल तख्त साहिब का सचिवालय सुबह 9.30 बजे खुलता है। मुख्यमंत्री के दोपहर करीब 12 बजे सचिवालय पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा था कि मुख्यमंत्री को शाम 4.30 बजे सचिवालय पहुंचना चाहिए। वहीं, जानकारी के अनुसार श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पहले मुख्यमंत्री को सुबह 10 बजे का समय दिया गया था, जिसे बाद में बदलकर शाम 4.30 बजे कर दिया गया।

पूरा दिन अकाल तख्त को समर्पित: भगवंत मान

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि 15 जनवरी को उनका कोई अन्य कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय को भी सूचित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “15 जनवरी का पूरा दिन मैंने श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशानुसार स्पष्टीकरण देने और लापता पवित्र स्वरूपों की तलाश से जुड़े सबूत प्रस्तुत करने के लिए समर्पित किया है।

समय परिवर्तन को लेकर मेरे या मेरे कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक पत्र या बयान जारी नहीं किया गया है।” मुख्यमंत्री की इस पेशी को लेकर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में खास रुचि बनी हुई है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

यह भी देखें : अमृतसर और मोगा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी