डोडा/जम्मू, 23 जनवरी : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
पंजाब का जवान भी हुआ शहीद
इस हादसे में शहीद हुए जवानों में पंजाब के जिला रूपनगर के नूरपुर बेदी क्षेत्र के गांव चनौली निवासी जवान जॉबनजीत सिंह भी शामिल हैं। जॉबनजीत सिंह की शहादत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे दुखद बात यह है कि जॉबनजीत सिंह का विवाह 1 मार्च को तय था। अधिकारियों के अनुसार सेना के इस वाहन में कुल 17 जवान सवार थे। यह वाहन जवानों को लेकर एक ऊंचाई पर स्थित सैन्य चौकी की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
तत्काल चला राहत एवं बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 10 जवानों को बचाया नहीं जा सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
इस हादसे के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है। शहीद जवानों की कुर्बानी को देश हमेशा याद रखेगा और उनके बलिदान को नमन किया जा रहा है।
यह भी देखें : नाभा जेल में बंद बिक्रम मजीठिया की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

More Stories
स्कूल में लापरवाही, 6 साल की बच्ची की दो उंगलियां कटीं
गुरुओं पर टिप्पणी मामला : पंजाब सरकार ने दिल्ली विधानसभा को स्पष्टीकरण नहीं भेजा
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ राहुल गांधी की किसानों से बैठक