February 5, 2026

स्कूलों के समय को लेकर विभाग का फैसला, फिर बदला समय

स्कूलों के समय को लेकर विभाग का फैसला...

चंडीगढ़, 24 जनवरी : शहर में ठंड के कारण बदले गए स्कूलों के समय को अब फिर से सामान्य कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब सभी स्कूल पहले से तय समय के अनुसार ही संचालित होंगे।शिक्षा विभाग के अनुसार यह निर्देश शहर के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होंगे। शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा ऑडियो संदेश के माध्यम से स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई।

ठंड के चलते बदला गया था समय

गौरतलब है कि 19 जनवरी से स्कूल दोबारा खुले थे, लेकिन अत्यधिक ठंड के कारण 23 जनवरी तक स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया था। अब मौसम में सुधार को देखते हुए पुराने समय को बहाल कर दिया गया है। छात्रों की कक्षाएं: सुबह 8:20 बजे से दोपहर 2:20 बजे तक, स्कूल स्टाफ की उपस्थिति: सुबह 8:10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक, डबल शिफ्ट स्कूलों की व्यवस्था कक्षा 6वीं और उससे ऊपर: सुबह की शिफ्ट में कक्षाएं, कक्षा 1 से 5 तक: दोपहर की शिफ्ट में स्कूल आना होगा।

ठंड के कारण बढ़ी थीं छुट्टियां

इस वर्ष अधिक ठंड पड़ने के कारण शिक्षा विभाग ने स्कूलों की छुट्टियां तीन बार बढ़ाईं और समय-सारिणी में भी कई बार बदलाव किया गया। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि नए आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।