गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़), 27 जनवरी : हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दबंगों द्वारा मां-बेटे को हाथ जोड़कर पूरे गांव में जुलूस निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
देवी-देवताओं पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, एक अनुसूचित जाति के युवक द्वारा देवी-देवताओं को लेकर कथित टिप्पणी की गई थी। इसी बात से नाराज जाट समाज के कुछ युवकों ने राम मंदिर की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ पर गांव के मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति को लेकर टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी से नाराज अनुसूचित जाति के लोगों ने मां-बेटे को पंचायत में बुलाया। आरोप है कि पंचायत के बाद दबंगों ने मां-बेटे को हाथ जोड़ने पर मजबूर किया और पूरे गांव में जुलूस के रूप में घुमाया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
गांव में बढ़ा तनाव, कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद गांव में माहौल गरमा गया है। एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लोग गांव में ही एकत्र होने लगे हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
रूस से 6 करोड़ बैरल तेल खरीद, क्या सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?
क्या सोना अब भी सुरक्षित निवेश? जंग के बीच ट्रंप फैक्टर से बढ़ी उलझन
पेट्रोल-डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी, LPG की कोई कमी नहीं, केंद्र का स्पष्टीकरण