February 4, 2026

हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री सम्मान, देशभर में खुशी की लहर

हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री सम्मान...

मोगा, 28 जनवरी : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर को देश के प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद खेल जगत सहित पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। पंजाब के मोगा जिले से ताल्लुक रखने वाली हरमनप्रीत की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक माना जा रहा है।

पिता हरिमंदर सिंह ने जताया गर्व

इस अवसर पर हरमनप्रीत कौर के पिता हरिमंदर सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी को इतने बड़े और सम्मानजनक पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पल उनके पूरे परिवार के लिए अत्यंत गर्व और भावुकता से भरा हुआ है। हरिमंदर सिंह ने बताया कि हरमनप्रीत कौर ने बहुत सीमित संसाधनों के साथ अपना क्रिकेट करियर शुरू किया था।

बचपन से ही उनमें क्रिकेट के प्रति गहरा जुनून था। कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पद्म श्री सम्मान केवल हरमनप्रीत के लिए नहीं, बल्कि पूरे पंजाब और देश की बेटियों के लिए गर्व की बात है।

कप्तानी में देश का नाम किया रोशन

उन्होंने आगे कहा कि हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान के रूप में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। विश्व कप सहित कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निडर नेतृत्व ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई है।

देश की युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा

हरिमंदर सिंह ने कहा कि हरमनप्रीत की यह सफलता देश की युवा लड़कियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और यदि उन्हें सही अवसर और सहयोग मिले, तो वे हर ऊंचाई को छू सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिया गया पद्म श्री पुरस्कार खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अंत में उन्होंने कहा कि आज पूरा परिवार बेहद खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहा है कि हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री जैसे बड़े सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। यह पल उनके जीवन में हमेशा के लिए यादगार बनकर रहेगा।

यह भी देखें : 328 पावन स्वरूप मामला: सरकार–शिरोमणि कमेटी के बीच तनातनी जारी