February 4, 2026

सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम, 5 बजे शपथ

सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला...

नई दिल्ली / मुंबई, 31 जनवरी : अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। वह शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं। सुनेत्रा पवार आज 31 जनवरी को शाम 5 बजे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। मुंबई के विधान भवन में दोपहर 2 बजे एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में पार्टी के 40 विधायक शामिल होंगे, जहां सुनेत्रा पवार को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

राजभवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह

उपमुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि महाराष्ट्र सरकार और महायुति गठबंधन एनसीपी के इस फैसले का पूरा समर्थन करेगा। शपथ से पहले एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने विधायक दल की बैठक से पहले सुनेत्रा पवार से मुलाकात की और समर्थन जताया।

विलय की चर्चाओं पर लगा विराम

जब शरद पवार से पूछा गया कि क्या उन्हें परिवार के सदस्य होने के नाते भरोसे में लिया गया था, तो उन्होंने कहा : “अगर परिवार पर कोई संकट आता है तो परिवार एकजुट रहता है। परिवार में कोई समस्या नहीं है।” गौरतलब है कि इससे पहले एनसीपी (शरद पवार गुट) और दूसरे गुट के बीच विलय की अटकलें चल रही थीं, लेकिन सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने के ऐलान के बाद इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।

शरद पवार के आवास पर नेताओं की बैठक शुरू

बारामती स्थित शरद पवार के आवास ‘गोविंद बाग’ में पार्टी नेताओं की अहम बैठक शुरू हो गई है। बैठक में सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार, युगेंद्र पवार और संदीप काशीरसागर मौजूद हैं।

यह भी देखें : मुनाफावसूली और डॉलर की मजबूती का असर सोना, चांदी गिरे