February 5, 2026

प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे से पहले जालंधर में बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे से पहले जालंधर में ...

जालंधर, 31 जनवरी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले जालंधर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल में प्रधानमंत्री के दौरे को निशाना बनाने की बात कही गई है। यह धमकी भरा ईमेल ‘बिली हॉल’ नामक आईडी से भेजा गया है। ईमेल में लिखा गया है कि हम गुरु रविदास जी का पूरा समर्थन करते हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री को खालिस्तान समर्थक तत्वों का कट्टर दुश्मन बताया गया है। मेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि खालिस्तान समर्थक तत्वों का डेरा बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से कोई विवाद नहीं है।

ईमेल में निज्जर की मौत का भी जिक्र

धमकी भरे ईमेल में निज्जर की मौत के लिए जिम्मेदार कौन है, इस पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। ईमेल मिलने के बाद कैम्ब्रिज स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं और स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

शोभा यात्रा के चलते स्कूलों में पहले से छुट्टी

गौरतलब है कि श्री गुरु रविदास जयंती के अवसर पर जालंधर में निकलने वाली शोभा यात्रा को ध्यान में रखते हुए पहले ही स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के लिए शनिवार सुबह पंजाब के डीजीपी गौरव यादव भी जालंधर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

यह भी देखें : कांग्रेस का आरोप, स्कूलों की दीवारों को अपने रंग में रंग रही आम आदमी पार्टी