चंडीगढ़/बटाला, 31 जनवरीः मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर शुरू की गई मुहिम ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा के लिए डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बटाला में एक अहम बैठक की। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती जिलों में सीमा पार आतंक-अपराध गठजोड़ को खत्म करना और जबरन वसूली व गैंग गतिविधियों पर जीरो-टॉलरेंस सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में एडीजीपी एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स प्रमोद बान, एडीजीपी काउंटर इंटेलिजेंस अमित प्रसाद, सीपी अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल, डीआईजी फिरोजपुर रेंज स्नेहदीप शर्मा सहित अमृतसर ग्रामीण, बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और तरनतारन के एसएसपी शामिल हुए।
11 दिनों में 12,275 छापेमारी, 3,721 गिरफ्तार
बैठक के दौरान बॉर्डर और फिरोजपुर रेंज में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध के रुझान, काउंटर-इंटेलिजेंस उपायों और ऑपरेशनल तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संयुक्त कार्य योजनाओं और सामुदायिक भागीदारी से अपराध पर अंकुश लगाने की रणनीतियों पर भी चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 20 जनवरी से शुरू हुई मुहिम के तहत अब तक उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि 11 दिनों में पूरे राज्य में 12,275 छापेमारी की गईं, 8,671 लोगों से पूछताछ हुई और 3,721 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 1,796 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि 3,154 को पूछताछ के बाद छोड़ा गया।
दो दिनों में 100 किलो हेरोइन बरामद
डीजीपी ने बताया कि पिछले दो दिनों में ही पंजाब पुलिस ने 100 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गैंगस्टर या नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।डीजीपी ने कहा कि विदेशों से अपराध संचालित करने वाले गैंगस्टरों को भी पंजाब लाकर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा, जैसा कि पहले कई मामलों में किया जा चुका है। गौरव यादव ने खास तौर पर युवाओं से अपराध और समाज विरोधी गतिविधियों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है।
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन जारी
डीजीपी ने जनता से अपील की कि किसी भी गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधि की जानकारी एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

More Stories
हरदीप सिंह मुंडियां ने 14 उम्मीदवारों को तरस के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे
पठानमाजरा की गिरफ्तारी ‘ड्रामा’: मजीठिया का AAP सरकार पर हमला
स्पीकर कुलतार संधवां ने पंजाब विधानसभा डायरी-2026 का किया विमोचन