March 25, 2026

दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी

दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं...

नई दिल्ली, 1 फरवरी : राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से फिलहाल कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 318 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली में हल्की बारिश, हरियाणा में ओलावृष्टि

आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं हरियाणा के करनाल में ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे मौसम और ठंडा हो गया। दूसरी ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अंबाला, आगरा और ग्वालियर जैसे शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।

बारिश के बावजूद प्रदूषण बरकरार

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि बारिश ने दस्तक दी है, लेकिन प्रदूषण के स्तर में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में राजधानीवासियों को अभी साफ हवा के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

यह भी देखें : अमेरिकी एसईसी के मामले में कानूनी नोटिस स्वीकार करेंगे : अदाणी