चंडीगढ़, 1 फरवरी : पंजाब में 14 वर्षों के अंतराल के बाद इस साल के मध्य में जनगणना कराई जाएगी, जो पहली बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से होगी। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अगले सप्ताह चंडीगढ़ से एक विशेष टीम अमृतसर पहुंचकर सॉफ्टवेयर और मोबाइल ऐप के उपयोग को लेकर प्रशिक्षण देगी। शहरों और गांवों में होने वाली पूरी जनगणना मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी।
कर्मचारी घर-घर जाकर डिजिटल तरीके से अपनी लोकेशन पर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। पंजाब सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी होने के बाद मई महीने से जनगणना शुरू होने की संभावना है।
करीब 3 हजार कर्मचारी फील्ड में उतरेंगे
इस विशाल प्रक्रिया के लिए लगभग 3 हजार कर्मचारियों को फील्ड में तैनात करने की तैयारी चल रही है। इससे पहले वर्ष 2011 की जनगणना में शहर की आबादी 11.32 लाख दर्ज की गई थी। नगर निगम क्षेत्र में जनगणना के लिए निगम कमिश्नर को प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए डिप्टी कमिश्नर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम कमिश्नर के निर्देश पर सुपरिंटेंडेंट जनरल ने 50 विभागों को पत्र जारी कर उनके अधीन कार्यरत स्टाफ की सूची मांगी है, ताकि जनगणना ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जा सके।
नगर निगम सीमा में 4 लाख घर होंगे कवर
नगर निगम सीमा के अंतर्गत करीब 4 लाख घरों को जनगणना में शामिल किए जाने का अनुमान है। डिजिटल सर्वे के लिए हर 180 घरों या 800 की आबादी पर एक ब्लॉक बनाया जाएगा। इस आधार पर निगम क्षेत्र में लगभग 2,222 ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 10 बाहरी इलाकों को भी कवर किया जाएगा। शहर के 85 वार्डों में एक्सईएन (XEN), एसडीओ (SDO) और असिस्टेंट टाउन प्लानर (ATP) स्तर के कुल 21 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
डिजिटल जनगणना से बढ़ेगी पारदर्शिता और गति
प्रत्येक ब्लॉक में एक गिनतीकार (Enumerator) तैनात होगा, जो मोबाइल ऐप पर डेटा दर्ज करेगा। हर छह गिनतीकारों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त किया जाएगा, जो अपनी रिपोर्ट संबंधित चार्ज अधिकारी को सौंपेगा। इस कार्य के लिए करीब 370 सुपरवाइजरों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि डिजिटल जनगणना से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
यह भी देखें : डीजीपी ने गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाइयों की समीक्षा की

More Stories
लुधियाना से गुजरात जा रही पंजाब मार्का शराब से भरा ट्रक राजस्थान में जब्त
मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज, एक्स पोस्ट से मचा सियासी हलचल
ए.आई. के दुरुपयोग से बनाई आपत्तिजनक तस्वीरें, रिश्तेदार दंपती पर आरोप