February 4, 2026

पूर्व पति पर दिए बयान को लेकर मैरी कॉम ने हाथ जोड़कर मांगी माफी

पूर्व पति पर दिए बयान को लेकर मैरी...

नई दिल्ली, 2 फरवरी : देश की दिग्गज मुक्केबाज़ मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति के खिलाफ दिए गए बयान पर अब स्पष्टीकरण देते हुए माफी मांगी है। बीते कुछ समय से मैरी कॉम अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर चर्चा में हैं। एक टीवी शो के दौरान उन्होंने अपने पूर्व पति के. ओनलर कॉम को लेकर टिप्पणी की थी, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई और विवाद का कारण बनी।

मैरी कॉम ने अपने बयान में पूर्व पति को गली-मोहल्लों में फुटबॉल खेलने वाला और पत्नी की कमाई पर निर्भर रहने वाला बताया था। इस टिप्पणी के बाद उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। अब उन्होंने साफ किया है कि उन्होंने भावनाओं में बहकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया और उनका बयान किसी भी वर्ग, खासकर पुरुषों के खिलाफ नहीं था।

मैरी कॉम का बयान

मैरी कॉम ने हाल ही में शो ‘आप की अदालत’ में कहा था, “मेरे पति ने एक भी रुपया नहीं कमाया और गली-गली फुटबॉल खेलता रहा। उसका कोई सफल करियर नहीं था, जिसे वह मेरे लिए कुर्बान करता।” यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विवाद में आ गया और कई लोगों ने उनकी आलोचना की।

मैरी कॉम ने मांगी माफी

अब मैरी कॉम ने इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “सबसे पहले मैं माफी मांगती हूं कि मेरे बयान से कुछ लोग भ्रमित हुए। ऐसा नहीं है कि मेरी शादी कभी सफल नहीं रही। कई सालों तक सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में विश्वास पूरी तरह टूट गया और हालात बदल गए।”

उन्होंने आगे कहा कि अप्रैल 2025 में तलाक के बाद उनके खिलाफ कई बातें सामने आईं, लेकिन उस समय उन्होंने संयम रखा और मीडिया या जनता के सामने कोई बयान नहीं दिया।

बयान को गलत दिशा में लिया गया

मैरी कॉम ने स्पष्ट किया, “लोगों ने मेरे बयान को गलत संदर्भ में लिया। मैं किसी भी फुटबॉलर के खिलाफ नहीं हूं और मुझे फुटबॉल बेहद पसंद है। मेरा बयान खिलाड़ियों के खिलाफ नहीं था। सुनील छेत्री बनने वाले सभी खिलाड़ी सड़कों से ही शुरुआत करते हैं। मैं उन सभी लोगों से माफी मांगती हूं, जिन्हें मेरे बयान से ठेस पहुंची, लेकिन मेरा इरादा पुरुषों या खिलाड़ियों का अपमान करना नहीं था।”