February 4, 2026

अमेरिका के साथ अच्छी डील, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल

अमेरिका के साथ अच्छी डील...

नई दिल्ली, 3 फरवरी : मंगलवार को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक बेहद अच्छा व्यापार समझौता हुआ है। गौरतलब है कि सोमवार देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत के बाद दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया।

पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की सराहना करते हुए इसे दोनों देशों के लिए फायदेमंद बताया। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की थी कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं और अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को तत्काल प्रभाव से 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिका दौरे पर

ट्रंप के इस ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि भारत में बने उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने से उन्हें खुशी है और उन्होंने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के बयान में किसी औपचारिक व्यापार समझौते का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया।

इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार से अमेरिका के दौरे पर हैं। वह 2 से 4 फरवरी तक वॉशिंगटन में रहेंगे, जहां वे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा आयोजित क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल मीटिंग में भाग लेंगे। यह बैठक सप्लाई चेन की मजबूती, स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग पर केंद्रित होगी।