जालंधर, 4 फरवरी : साइबर अपराध का शिकार बने बस्तियों क्षेत्र में ड्राईक्लीन का काम करने वाले एक व्यक्ति ने मानसिक तनाव के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रिंस कुमार निवासी कमल विहार, लेदर कॉम्प्लेक्स रोड, जालंधर के रूप में हुई है। प्रिंस कुमार ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाई, जिसमें उसने अपने साथ हुई ठगी का खुलासा किया।
वीडियो में उसने बताया कि उसे कर्ज की जरूरत थी, जिसके लिए उसने एक निजी फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कुछ दस्तावेज भेजकर उसका भरोसा जीता और फिर अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर उससे लगातार पैसे लेते रहे।
कर्ज नहीं मिला, संपर्क भी टूटा
प्रिंस ने बताया कि पैसे देने के बावजूद काफी समय बीत जाने के बाद भी कर्ज मंजूर नहीं हुआ। जब उसने संबंधित लोगों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनके फोन बंद आने लगे। वीडियो में उसने प्रशासन से अपील की कि उससे ठगे गए पैसे वापस दिलाए जाएं। मृतक के छोटे भाई रमन कनोइया ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे जब परिवार के सदस्य घर की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे तो कमरे के अंदर प्रिंस फंदे पर लटका हुआ मिला।
उन्होंने बताया कि प्रिंस ने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उसने कहा कि वह यह कदम अपनी मर्जी से उठा रहा है और उसके परिवार को परेशान न किया जाए।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR
परिजनों के अनुसार साइबर ठगी के कारण प्रिंस लगातार मानसिक तनाव में था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। मामले की जांच कर रहे लेदर कॉम्प्लेक्स चौकी के एएसआई युवराज सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक के भाई रमन कनोइया के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी देखें : मर्यादा उल्लंघन का मामला : सिमरनजीत सिंह मान के दोहते ने मांगी क्षमा

More Stories
लुधियाना से गुजरात जा रही पंजाब मार्का शराब से भरा ट्रक राजस्थान में जब्त
मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज, एक्स पोस्ट से मचा सियासी हलचल
ए.आई. के दुरुपयोग से बनाई आपत्तिजनक तस्वीरें, रिश्तेदार दंपती पर आरोप