February 4, 2026

मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज, एक्स पोस्ट से मचा सियासी हलचल

मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज...

चंडीगढ़, 4 फरवरी : मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा आज तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किया गया सियासी तंज आम आदमी पार्टी के बदले हुए राजनीतिक रुख की ओर इशारा करता है। बिना नाम लिए मुख्यमंत्री ने डेरा ब्यास प्रमुख पर तंज कसते हुए लिखा “कल बन जाएं, चाहे आज बन जाएं/ अदालतों का वहां रब राखा, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं।”

पहले भी धार्मिक संस्थाओं पर निशाना

डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ने सोमवार को नाभा जेल में बंद पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात की थी और उन्हें बेगुनाह बताया था। इस मुलाकात के कुछ ही समय बाद सुप्रीम कोर्ट ने मजीठिया की जमानत मंजूर कर ली। मुख्यमंत्री मान ने मजीठिया की जेल से रिहाई से पहले ही यह तंज कसकर राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री मान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पर भी राजनीतिक निशाने साध चुके हैं और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार पर भी सवाल उठा चुके हैं। शिरोमणि कमेटी के खिलाफ वे सियासी मंचों से लगातार बोलते रहे हैं।

डेरा सियासत के खिलाफ मोर्चा?

सियासी हलकों के अनुसार, मुख्यमंत्री मान का यह अप्रत्यक्ष तंज संकेत देता है कि शिरोमणि कमेटी के बाद अब वे डेरा सियासत के खिलाफ भी मोर्चा खोल सकते हैं। हालांकि, चुनावों से ठीक पहले डेरों के खिलाफ ऐसा रुख आम आदमी पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से कितना लाभकारी होगा, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।

चुनावी समीकरणों पर असर

विश्लेषकों का मानना है कि डेरों का पंजाब की राजनीति में खास प्रभाव रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कदम आगामी चुनावी समीकरणों को किस दिशा में ले जाएगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी देखें : ए.आई. के दुरुपयोग से बनाई आपत्तिजनक तस्वीरें, रिश्तेदार दंपती पर आरोप