February 5, 2026

भारत–नेपाल के बीच सीधी बस सेवा शुरू, सुविधाओं की पूरी जानकारी

भारत–नेपाल के बीच सीधी बस सेवा शुरू...

नई दिल्ली, 5 फरवरी : भारत और नेपाल के बीच यातायात को मजबूत करते हुए बेनी नगरपालिका (नेपाल) को भारत की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ने वाली सीधी बस सेवा का बुधवार को शुभारंभ किया गया। इस सेवा से हिमालयी देश नेपाल के प्रसिद्ध हिंदू और बौद्ध तीर्थ स्थल मुक्तिनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। बेनी स्थित प्राचीन मुक्तिनाथ मंदिर हिंदुओं और बौद्धों दोनों के लिए पवित्र माना जाता है। हिंदू इसे भगवान विष्णु और बौद्ध इसे अवलोकितेश्वर देवता का निवास मानते हैं। हर साल एक लाख से अधिक भारतीय श्रद्धालु मुक्तिनाथ के दर्शन के लिए नेपाल पहुंचते हैं।

मेयर ने किया बस सेवा का उद्घाटन

नेपाल–भारत मैत्री बस सेवा का उद्घाटन बेनी नगरपालिका के मेयर सूरत केसी ने किया। यह बस सेवा बेनी कालीपुल बस पार्क से शुरू होती है। यह बस सांगजा, वालिंग, भैरहवा, अयोध्या और आगरा होते हुए नई दिल्ली पहुंचती है। बेनी से नई दिल्ली की यात्रा में लगभग 27 घंटे का समय लगेगा। बेनी से प्रस्थान: सुबह 6:45 बजे, नई दिल्ली से प्रस्थान: शाम 4:00 बजे।

किराया और क्षमता

  • बेनी से नई दिल्ली: 5,400 नेपाली रुपये
  • नई दिल्ली से बेनी: 3,200 नेपाली रुपये
    यह बस 45 यात्रियों की क्षमता के साथ लगभग 1,400 किलोमीटर की दूरी तय करती है।

यात्रा के लिए पासपोर्ट जरूरी नहीं

3,710 मीटर की ऊंचाई पर, थोरोंग ला दर्रे के पास स्थित मुक्तिनाथ को दुनिया के सबसे ऊंचे मंदिरों में गिना जाता है। इस बस सेवा से यात्रा करने के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता नहीं है, हालांकि यात्रियों के पास कोई वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है।

यह भी देखें : एस.आई.आर. मामला : सुप्रीम कोर्ट ममता बैनर्जी बनी वकील, लगाए गंभीर आरोप