नई दिल्ली, 6 फरवरी : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर होने की संभावना है। इस समझौते के लागू होने से भारतीय उत्पादों पर अमेरिका द्वारा लगाए जाने वाले आयात शुल्क में बड़ी कटौती होगी। गोयल ने बताया कि समझौते के बाद अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला आयात शुल्क 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर देगा। वर्तमान में यह 50 फीसदी टैरिफ 25 फीसदी जवाबी शुल्क और रूसी कच्चा तेल खरीदने के कारण लगाए गए अतिरिक्त 25 फीसदी शुल्क को मिलाकर बनता है।
भारत भी करेगा आयात शुल्क में कटौती
समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद भारत भी अमेरिका से आयात होने वाली कुछ चुनिंदा वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करना शुरू करेगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि दोनों देश अगले चार से पांच दिनों के भीतर समझौते के पहले चरण को लेकर एक संयुक्त बयान को अंतिम रूप देकर उस पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में ही समझौते के प्रमुख बिंदुओं को अंतिम रूप दे दिया गया था।
औपचारिक मसौदे में लगेगा समय
गोयल ने स्पष्ट किया कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण लगभग तैयार है, जबकि औपचारिक समझौते का मसौदा तैयार होने में करीब डेढ़ महीने का समय लग सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च के मध्य तक इस पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर हो जाएंगे। वाणिज्य मंत्री ने यह भी साफ किया कि इस समझौते में निवेश से जुड़ी कोई बाध्यकारी प्रतिबद्धता शामिल नहीं है, बल्कि इसका मुख्य फोकस व्यापार और टैरिफ में राहत पर है।
यह भी देखें : कांग्रेस सिखों से नफरत करती है: प्रधानमंत्री मोदी

More Stories
फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट मामले में चैतन्यानंद सरस्वती को जमानत
दुनिया नई वैश्विक व्यवस्था की ओर बढ़ रही है: मोदी
कांग्रेस सिखों से नफरत करती है: प्रधानमंत्री मोदी