February 8, 2026

अंडर-19 के 14 वर्षीय धुरंधर वैभव को डेब्यू के लिए अभी करना होगा इंतजार

अंडर-19 के 14 वर्षीय धुरंधर वैभव को...

नई दिल्ली, 7 फरवरी : वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में तूफानी पारी खेलकर भारत को छठी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। महज 14 साल के वैभव ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 15 छक्के और 15 चौके लगाकर अंग्रेज गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए।

बिहार से निकला क्रिकेट का नया सितारा

बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा ने दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को प्रभावित किया है। कई पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि वैभव को जल्द ही सीनियर भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए। हालांकि, BCCI चाहने के बावजूद भी फिलहाल यह संभव नहीं है। वैभव सूर्यवंशी के भारतीय सीनियर टीम में चयन की सबसे बड़ी रुकावट ICC की आयु नीति (Age Policy) है।

इस नीति को वर्ष 2020 में लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक सेहत की सुरक्षा करना है। नियम के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए खिलाड़ी की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष होनी चाहिए।

उम्र बनी रोड़ा, 27 मार्च 2026 तक इंतज़ार

वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था। फरवरी 2026 में अंडर-19 विश्व कप जीतने के बावजूद वे तकनीकी रूप से अभी 14 वर्ष के ही हैं।
चाहे वे 36 गेंदों में शतक लगाएं या आईपीएल में गेंदबाजों में खौफ पैदा करें, राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के हाथ 27 मार्च 2026 तक बंधे हुए हैं।

अंडर-19 टीम से भी खत्म हुआ सफर

जहां सीनियर टीम के लिए वैभव अभी कम उम्र के हैं, वहीं दूसरी ओर अंडर-19 टीम के साथ भी उनका सफर समाप्त हो चुका है। BCCI की ‘टूर्नामेंट नीति’ के तहत किसी खिलाड़ी को सीमित मौकों तक ही अंडर-19 विश्व कप खेलने की अनुमति दी जाती है, ताकि नए खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

वैभव सूर्यवंशी ने 2026 अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता। हालांकि, इस नीति के चलते वे 2028 और 2030 के अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकेंगे, भले ही तब भी वे उम्र के लिहाज़ से अंडर-19 श्रेणी में ही क्यों न आते हों।

इंतज़ार लंबा, उम्मीदें कायम

क्रिकेट जगत को अब वैभव सूर्यवंशी के 15 साल के होने का इंतज़ार है, जब यह युवा तूफान सीनियर भारतीय टीम में अपनी एंट्री के लिए पूरी तरह पात्र होगा।