February 8, 2026

अमेरिका को डेयरी, चीनी और बाजरा पर कोई रियायत नहीं: पीयूष गोयल

अमेरिका को डेयरी, चीनी और बाजरा पर...

नई दिल्ली, 7 फरवरी : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने साफ किया है कि भारत ने अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते में डेयरी उत्पादों, चीनी और बाजरा पर लगने वाली ड्यूटी में कोई भी रियायत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के किसानों, लघु उद्योगों और दस्तकारी से जुड़े लोगों के हितों की पूरी तरह रक्षा करता है।

किसानों और छोटे उद्योगों के हित सुरक्षित

पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि व्यापार समझौते से किसी भी तरह किसानों या छोटे उद्यमियों को नुकसान न पहुंचे। भारत की संवेदनशील कृषि वस्तुओं पर कोई समझौता नहीं किया गया है और राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखा गया है। वाणिज्य मंत्री के अनुसार, इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले आयात शुल्क में कटौती की है। इसके चलते भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत रह गया है, जिससे भारत के निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा।

‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगी मजबूती: प्रधानमंत्री

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अमेरिका के साथ हुआ अंतरिम व्यापार समझौता किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोलेगा। यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देगा और देश में महिलाओं तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।

भारत-अमेरिका संबंधों में नया अध्याय

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते संबंधों का उल्लेख करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

यह भी देखें : भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार ढांचा तय, आयात शुल्क घटकर 18 प्रतिशत