February 8, 2026

बाजवा की टिप्पणी पर मंत्री हरपाल चीमा ने कहा माफी मांगो, नहीं तो होगी कार्रवाई

बाजवा की टिप्पणी पर मंत्री हरपाल चीमा....

अमृतसर, 8 फरवरी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर की गई टिप्पणी के बाद पंजाब की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस पर दलित समाज के अपमान का आरोप लगाया है। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रताप सिंह बाजवा से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर माफी नहीं मांगी गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘असंवेदनशील और आपत्तिजनक भाषा’ का आरोप

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा ने मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और असंवेदनशील भाषा का इस्तेमाल किया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल एक व्यक्ति, बल्कि पूरे समाज का अपमान हैं। मंत्री चीमा ने हरभजन सिंह ईटीओ के जीवन संघर्ष का ज़िक्र करते हुए कहा कि वे गरीबी से निकलकर कड़ी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने सिविल सर्विसेज परीक्षा पास की, अलाइड सर्विसेज में चयनित हुए और ईटीओ बने।

समाज सेवा के लिए छोड़ी सरकारी नौकरी

हरपाल चीमा ने बताया कि समाज सेवा के उद्देश्य से हरभजन सिंह ईटीओ ने अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी का दामन थामा। आज वे ईमानदारी और मेहनत के साथ जनता की सेवा कर रहे हैं।

यह भी देखें : मुहाली–न्यू चंडीगढ़ विस्तार के लिए बिछेगा नया सड़क नेटवर्क