February 8, 2026

सूरजकुंड हादसा : शहीद इंस्पेक्टर के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की सहायता का ऐलान

सूरजकुंड हादसा : शहीद इंस्पेक्टर के परिजनों...

फरीदाबाद, 8 फरवरी : सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिजनों को हरियाणा पुलिस की ओर से 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पुलिस महानिदेशक (DGP) ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए विभागीय नीति के तहत मुआवज़े की घोषणा की। शनिवार शाम मेले में लगे ‘सुनामी झूले’ के गिरने से यह बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विशेष जांच टीम का गठन

हरियाणा सरकार द्वारा हादसे की जांच के आदेश देने के बाद फरीदाबाद पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण दहिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। टीम हादसे के कारणों और सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच कर रही है। हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने घायलों से मुलाकात की और कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार झूला संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने साफ कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

सूरजकुंड मेले में झूलों से जुड़ा तीसरा हादसा

यह उल्लेखनीय है कि सूरजकुंड मेले में झूलों से जुड़ा यह तीसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले

  • 2002 में झूले से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हुई थी
  • 2019 में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था

इन घटनाओं के बाद कुछ वर्षों तक मेले में झूलों पर प्रतिबंध लगाया गया था। बाद में झूलों से मिलने वाले राजस्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा शुरू किया गया, लेकिन ताज़ा हादसे ने एक बार फिर मेले में सुरक्षा इंतज़ामों और प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी देखें : जेल से रिहाई के बाद 25 करोड़ की चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार