February 10, 2026

एनटीए ने नीट यूजी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव

एनटीए ने नीट यूजी रजिस्ट्रेशन...

नई दिल्ली, 9 फरवरी : राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा स्नातक (NEET UG 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर उपलब्ध है।

हालांकि, इस बार एनटीए ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कुछ अहम बदलाव किए हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए ही उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरने की सलाह दी गई है।

सुरक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में बदलाव

एनटीए ने इस बार सुरक्षा फीचर्स को मजबूत करते हुए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को अपडेट किया है। अब NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने हेतु आधार eKYC कराना अनिवार्य होगा। यह कदम उम्मीदवारों की पहचान सत्यापन (Verification) को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य

आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अब लाइव फोटो अपलोड करनी होगी। एनटीए द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, लाइव फोटो कैप्चर करना अनिवार्य है। उम्मीदवार को यह सुनिश्चित करना होगा कि फोटो फ्रेम का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा कवर करे।
फोटो लेते समय टोपी, चश्मा या गॉगल्स न पहनें और वेबकैम सही ढंग से काम कर रहा हो। उम्मीदवार चाहें तो QR कोड स्कैन कर मोबाइल कैमरे के जरिए भी फोटो अपलोड कर सकते हैं।

योग्यता (Eligibility Criteria)

NEET UG परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषयों के साथ 12वीं या इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
जिन छात्रों ने PCB विषय अतिरिक्त विषय के रूप में पढ़े हैं, वे भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होनी चाहिए। इस परीक्षा के लिए ऊपरी आयु सीमा की कोई बाध्यता नहीं है।