February 10, 2026

पंजाब में रोजाना हो रहे कत्ल, कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई: मजीठिया

पंजाब में रोजाना हो रहे कत्ल, कानून-व्यवस्था...

जालंधर, 10 फरवरी : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य में रोजाना हत्याएं हो रही हैं, जो साफ तौर पर बढ़ती हिंसा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और पूरा सिस्टम ढह-ढेरी हो चुका है।

लक्की ओबरॉय हत्याकांड पर सवाल

लक्की ओबरॉय के कत्ल को लेकर मजीठिया ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी मुख्यमंत्री भगवंत मान से कई बार बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेताओं और मुख्यमंत्री के करीबी होने के बावजूद जिस तरह लक्की की हत्या की गई, वह बेहद असाधारण और चिंताजनक है। इससे आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। मजीठिया सोमवार को चंडीगढ़ से अमृतसर जाते समय अकाली कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए पीएपी चौक और रामा मंडी चौक के बीच भूर मंडी के बाहर करीब 15 मिनट तक रुके।

स्थायी डीजीपी न होना चिंता का विषय

उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद अब तक स्थायी डीजीपी की नियुक्ति नहीं की गई है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि डीजीपी को सिर्फ अपनी कुर्सी की चिंता है, न कि राज्य की सुरक्षा की। मजीठिया ने दावा किया कि पंजाब के हालात ऐसे हो चुके हैं कि कोई नया उद्योग यहां निवेश करने को तैयार नहीं है, जबकि पहले से मौजूद उद्योग भी राज्य छोड़कर जा रहे हैं।

विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष अपनी आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती हैं, जो लोकतंत्र का खुला उल्लंघन है। मजीठिया ने दावा किया कि पंजाब पर करीब 5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा बेरोजगार हैं और किसान सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। एसवाईएल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब जल्द ही हरियाणा को पानी देने की स्थिति में पहुंच सकता है।

हथियारों की तस्करी और पुलिस कार्रवाई पर सवाल

उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान पाकिस्तान सीमा से पंजाब में आए हथियारों को लेकर सवाल उठाए और पूछा कि इस पर डीजीपी ने क्या कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल तक यह कार्रवाई कहां थी। ऑपरेशन शुरू होते ही पंजाब में एक छात्र की हत्या हो जाना कई सवाल खड़े करता है।

मजीठिया ने आरोप लगाया कि पुलिस को रोजाना गैंगस्टरों को पकड़ने के लक्ष्य दिए जाते हैं, चाहे वह सही हों या गलत। लक्ष्य पूरे न होने पर अधिकारियों का तबादला कर दिया जाता है। उन्होंने पुलिस द्वारा किए जा रहे कथित ‘मुठभेड़ों’ पर भी सवाल उठाए।

यह भी देखें : 4जी/5जी टेलीकॉम से संबंधित चोरियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 17 और गिरफ्तार