जालंधर, 10 फरवरी : जालंधर के लतीफपुरा इलाके में मंगलवार तड़के जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी अवैध कब्जे हटा दिए। सुबह करीब 4:30 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की जेसीबी मशीनों से अस्थायी और पक्के दोनों तरह के अवैध निर्माण ढहा दिए गए। कार्रवाई के दौरान वहां रह रहे लोगों को इलाके से बाहर कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2022 में घर गिराए जाने के बाद ये लोग इसी जगह पर टेंट लगाकर रह रहे थे।
जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
यह जमीन जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट (JIT) की है, जिस पर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यहां से होकर एक नई सड़क बनाए जाने की योजना थी, लेकिन अवैध कब्जों के कारण यह परियोजना काफी समय से लटकी हुई थी। प्रशासन ने कब्जाधारियों को दूसरी जगह जमीन देने की पेशकश भी की थी, लेकिन उन्होंने वहां से हटने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा।
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पिछले साल जुलाई में इस जमीन को खाली करवाने के आदेश दिए थे। उसी आदेश के तहत अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कब्जे हटाए हैं। इस कार्रवाई से मॉडल टाउन, शिव विहार, गुरु तेग बहादुर नगर और जालंधर हाइट्स जैसे इलाकों के निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पीपीआर (PPR) मार्केट और क्यूरो (Curo) मॉल जैसे व्यावसायिक केंद्रों की ओर जाने वाली यातायात व्यवस्था भी अब सुगम होने की संभावना है।
किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अभी भी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह भी देखें : आई.पी.एल. की तर्ज पर पंजाब में शुरु होगी क्रिकेट लीग : मुख्यमंत्री भगवंत मान

More Stories
आई.पी.एल. की तर्ज पर पंजाब में शुरु होगी क्रिकेट लीग : मुख्यमंत्री भगवंत मान
राधा स्वामी सत्संग के लिए श्रद्धालुओं को मिलेगी सुगम यात्रा, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
पंजाब में रोजाना हो रहे कत्ल, कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई: मजीठिया