नई दिल्ली, 10 फरवरी : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। सूत्रों के अनुसार, संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं को देखते हुए किसी भी विपक्षी नेता द्वारा स्पीकर को हटाने की मांग का समर्थन करना उचित नहीं माना जाता।
इस बीच, अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “जब तक स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर फैसला नहीं हो जाता, मैं सदन में नहीं जाऊंगा।”
कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव
कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बताया, “आज दोपहर 1:14 बजे हमने नियम 94C के तहत स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया।” पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस नोटिस पर कुल 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं।
शशि थरूर का बयान
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा, “मैं केवल इतना कह सकता हूं कि मैं बजट भाषण के लिए तैयार हूं। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, एक पार्टी सदस्य होने के नाते मैं उसका समर्थन करता हूं।”
विपक्ष के आरोप और प्रमुख घटनाएं
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए नोटिस में स्पीकर पर पक्षपात का आरोप लगाया गया है। विपक्ष का दावा है कि उनके नेताओं को सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया गया।
नोटिस में चार प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया गया है, जिनमें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की बहस के दौरान राहुल गांधी को बोलने से रोका जाना शामिल है। राहुल गांधी ने 2020 के चीन गतिरोध को लेकर पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित स्मृतियों का हवाला दिया था।

More Stories
हांगकांग एयरपोर्ट पर लगी आग, टर्मिनल 1 में मची अफरा-तफरी
CBSE बड़ा बदलाव: 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का अब ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन
ई.पी.एफ.ओ. ला रही यू.पी.आई. एप, पैसा निकालना होगा ओर आसान