चंडीगढ़, 11 फरवरी : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा नाराज होकर गए अकाली नेताओं को वापस पार्टी में लाने संबंधी दिए गए बयान को अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने खारिज कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि श्री अकाल तख्त साहिब से ‘भगोड़ा’ घोषित दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। उनका कहना है कि समझौते हमेशा सिद्धांतों और विचारधारा के आधार पर होते हैं।
होशियारपुर बैठक में अहम फैसला
बीते दिन होशियारपुर में हुई बैठक, जिसमें पार्टी के चारों संरक्षक संत बाबा सेवा सिंह जी रामपुर खेड़ा वाले, संत बाबा सरबजोत सिंह बेदी, पूर्व कार्यकारी जत्थेदार प्रो. मनजीत सिंह और रवि इंदर सिंह के साथ पार्टी प्रधान ज्ञानी हरप्रीत सिंह और अन्य नेता मौजूद थे, ने यह फैसला लिया। बैठक में मजीठिया के बयान पर लंबी चर्चा हुई, लेकिन सुखबीर बादल के अध्यक्ष रहते शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया गया।
सुखबीर बादल खेमे की स्थिति
सुखबीर सिंह बादल प्रमुख अकाली नेताओं—प्रेम सिंह चंदूमाजरा, परमिंदर सिंह ढींढसा, बीबी जगीर कौर, इकबाल सिंह झुंडा, गुरप्रताप सिंह वडाला और मनप्रीत सिंह इयाली—के जाने से बने खालीपन को भरने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, यदि कोई नेता नई पार्टी छोड़कर शामिल होता है तो मौजूदा नियुक्त नेताओं की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुनर सुरजीत में आंतरिक मतभेद
अकाली दल (पुनर सुरजीत) के भीतर भी मतभेद सामने आ रहे हैं। विधायक मनप्रीत सिंह इयाली अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल होने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जबकि एक बड़ा धड़ा कट्टरपंथियों का समर्थन करने से इनकार कर रहा है। 11 अगस्त 2025 को गठन के बाद से पार्टी ने कोई बड़ी राजनीतिक गतिविधि नहीं की है और न ही जिला स्तर पर संगठन खड़ा किया है।
सोमवार की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद संगठन को जल्द पूरा करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही, होला मोहल्ला के अवसर पर मार्च में श्री आनंदपुर साहिब में पंथक सम्मेलन आयोजित करने और भविष्य में बड़े कार्यक्रम करने का भी निर्णय लिया गया।
यह भी देखें : हाईकोर्ट ने 2011-12 की नियुक्तियां रद्द करने का आदेश किया निरस्त

More Stories
हाईकोर्ट ने 2011-12 की नियुक्तियां रद्द करने का आदेश किया निरस्त
नशा विरोधी पदयात्रा के मंच पर साथ दिखे अकाली दल, भाजपा और डेरा प्रमुख
भ्रष्टाचार मामले में मनप्रीत बादल को राहत, हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत की पुष्टि की