February 15, 2026

भारत बना स्कैमर्स का नया अड्डा, एक साल में आईं 4,168 करोड़ स्पैम कॉल

भारत बना स्कैमर्स का नया अड्डा...

नई दिल्ली, 12 फरवरी : डिजिटल इंडिया के इस दौर में जहां संचार के साधन तेजी से बढ़े हैं, वहीं साइबर ठगी का खतरा भी गंभीर रूप ले चुका है। ट्रूकॉलर (Truecaller) की ‘इंडिया इंसाइट्स रिपोर्ट 2025’ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि भारत में एक वर्ष के दौरान 4,168 करोड़ से अधिक स्पैम कॉल की गईं। रिपोर्ट के अनुसार भारत अब वैश्विक स्कैमर्स के लिए एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

रिपोर्ट के मुख्य आंकड़े

ट्रूकॉलर की रिपोर्ट 2025 के अनुसार:

  • कुल स्पैम कॉल: 4,168 करोड़
  • फ्रॉड कॉल: 770 करोड़
  • स्पैम मैसेज: 12,903 करोड़
  • यूजर्स द्वारा ब्लॉक की गई कॉल: 1,189 करोड़
  • औसत स्पैम कॉल अवधि: 1.8 मिनट

रिपोर्ट बताती है कि स्पैम मैसेजिंग में 2025 के दूसरे हिस्से में तेज वृद्धि देखी गई।

बैंक और सरकारी अधिकारी बनकर ठगी

स्कैमर्स अक्सर खुद को बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, पेमेंट प्लेटफॉर्म प्रतिनिधि या किसी नामी ब्रांड का एजेंट बताकर लोगों को झांसे में लेते हैं। ट्रूकॉलर के ब्लॉकिंग टूल्स ने करीब 1,189 करोड़ कॉल लोगों तक पहुंचने से पहले ही रोक दीं, जिससे करोड़ों यूजर्स संभावित ठगी से बच सके।

विशेषज्ञों ने स्कैम से बचने के लिए निम्न सावधानियां बरतने की सलाह दी है, निजी जानकारी साझा न करें: OTP, PIN, पासवर्ड, आधार नंबर, पैन या बैंक विवरण किसी से साझा न करें। धमकी भरी कॉल से सावधान रहें: यदि कोई खाता बंद होने या KYC अपडेट की बात कहे तो तुरंत कॉल काट दें। अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें: किसी भी संदिग्ध लिंक या APK फाइल के जरिए ऐप डाउनलोड न करें।

स्पैम कॉल का जवाब न दें

यदि कॉल या मैसेज स्पैम के रूप में चिह्नित है तो प्रतिक्रिया देने से बचें। रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सतर्कता भी बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक और मानसिक क्षति से बचा सकती है।

यह भी देखें : कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा गिरफ्तार