February 12, 2026

चुनावी हलचल : कांग्रेस ने कै. अमरेंद्र सिंह के लिए दरवाज़े खोले, क्या जाएंगे कैप्टन?

चुनावी हलचल : कांग्रेस ने कै. अमरेंद्र सिंह...

चंडीगढ़, 12 फरवरी : पंजाब की सियासत में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने संकेत दिए हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी संभव है। बघेल ने कहा कि यदि कैप्टन दोबारा पार्टी में शामिल होना चाहते हैं तो कांग्रेस हाईकमान इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगा।

भाजपा में ‘घुटन’ की खबरों का दावा

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि उन्हें ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में खुद को सहज महसूस नहीं कर रहे। 82 वर्षीय कैप्टन ने हाल ही में मोहाली के एक निजी अस्पताल में घुटनों का ऑपरेशन करवाया था और पिछले कुछ समय से वे सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं।

ईडी के समन से बढ़ीं मुश्किलें

यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने FEMA के कथित उल्लंघन के मामले में कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह को समन जारी किए हैं। यह मामला वर्ष 2016 से जुड़ा है, जिसमें विदेशी फंड के कथित लेन-देन में अनियमितताओं के आरोप लगे थे। हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने ईडी को आयकर विभाग के दस्तावेजों की जांच की अनुमति दी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

बड़े सियासी उलटफेर के संकेत?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक तरफ ईडी की कार्रवाई और दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से मिल रहे संकेत पंजाब की राजनीति में किसी बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, कैप्टन अमरिंदर सिंह या उनके परिवार की ओर से कांग्रेस में वापसी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पंजाब की राजनीति में आगे क्या मोड़ आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी देखें : पंजाब कर विभाग की 9 करोड़ के जीएसटी घोटाले पर बड़ी कार्रवाई: चीमा