February 14, 2026

लुधियाना के कारोबारी से 7 करोड़ की ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी में आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना के कारोबारी से 7 करोड़ की...

लुधियाना, 14 फरवरी : लुधियाना पुलिस के साइबर विंग ने प्रसिद्ध उद्योगपति एस पी ओसवाल से करीब 7 करोड़ रुपये की ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी मामले में उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी अर्पित राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, लुधियाना में दर्ज एफआईआर के सिलसिले में आरोपी को 11 फरवरी 2026 को केंद्रीय जेल कपूरथला से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। इसके बाद उसे इस मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। लुधियाना साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने यह एफआईआर 31 अगस्त 2024 को दर्ज की थी।

‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर की ठगी

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ का भय पैदा किया और शिकायतकर्ता से कथित तौर पर लगभग 7 करोड़ रुपये ठग लिए साइबर क्राइम इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि आरोपी को 15 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसी संदिग्ध कॉल या संदेशों से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

यह भी देखें : होले मोहल्ले की तैयारियां तेज, लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध