February 15, 2026

दमिश्क में ISIL के खिलाफ अमेरिका की बड़ी जवाबी कार्रवाई

दमिश्क में ISIS के खिलाफ अमेरिका...

दमिश्क, 15 फरवरी : सीरिया में आतंकवाद के खिलाफ जंग एक नए और तेज मोड़ पर पहुंच गई है। पिछले वर्ष हुए एक घातक हमले में अपने सैनिकों को खोने के बाद अमेरिका ने ISIL (इस्लामिक स्टेट) के खिलाफ व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया है। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना ने 3 फरवरी से 12 फरवरी के बीच 30 से अधिक ISIL ठिकानों पर 10 हवाई हमले किए।

यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि इन हमलों में फिक्स्ड-विंग विमान, रोटरी-विंग हेलीकॉप्टर और मानव रहित ड्रोन के जरिए सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। निशाने पर आतंकी संगठन के बुनियादी ढांचे और हथियार भंडारण स्थल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य “अतिवादी नेटवर्क के बचे-खुचे ढांचे पर लगातार सैन्य दबाव बनाए रखना” है।

‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ के तहत कार्रवाई

रिपोर्ट के अनुसार, यह अभियान ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ का हिस्सा है, जिसे 13 दिसंबर को ऐतिहासिक शहर पलमायरा के पास हुए हमले के जवाब में शुरू किया गया था उस हमले में अमेरिकी सार्जेंट एडगर ब्रायन टोरेस-टोवर, सार्जेंट विलियम नथानिएल हावर्ड और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिया अयाद मंसूर साकत की मौत हो गई थी। CENTCOM के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद अब तक 50 से अधिक ISIL लड़ाके मारे गए या गिरफ्तार किए गए हैं और करीब 100 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

अल-तनफ बेस और बदलता सामरिक समीकरण

पूर्वी सीरिया में अल-तनफ सैन्य अड्डा पर हाल ही में सीरियाई सरकारी बलों ने फिर से नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह ठिकाना लंबे समय से ISIL के खिलाफ अमेरिकी अभियान का अहम केंद्र रहा है। इस बीच, दमिश्क पूर्व विद्रोही इलाकों पर पकड़ मजबूत कर रहा है, जबकि वॉशिंगटन देश में अपनी सैन्य भूमिका का पुनर्मूल्यांकन कर रहा है।

ISIL कैदियों को इराक भेजा गया

एक अन्य घटनाक्रम में, अमेरिकी सेना ने बगदाद के अनुरोध पर हजारों ISIL कैदियों को मुकदमे के लिए इराक स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस कदम का अमेरिका-नेतृत्व वाले गठबंधन ने स्वागत किया है। कुर्द-नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज (SDF) के साथ अमेरिका का लंबे समय से चला आ रहा गठबंधन अब पुनर्गठित किया गया है।

दमिश्क पूर्व SDF लड़ाकों को अपनी केंद्रीय सेना में शामिल करने की कोशिश कर रहा है। वॉशिंगटन ने संकेत दिया है कि कुर्द बलों के साथ उसके गठबंधन का मूल उद्देश्य काफी हद तक पूरा हो चुका है।

अब भी खतरा बरकरार

क्षेत्रीय नियंत्रण खोने के बावजूद ISIL अभी भी गुप्त रूप से हमले करने में सक्षम है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि संगठन को दोबारा संगठित होने और क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरा पैदा करने से रोकने के लिए लगातार सैन्य दबाव बनाए रखना जरूरी है।

यह भी देखें : कैलिफोर्निया में भारतीय छात्र की मौत, यूसी बर्कले में पढ़ रहा था श्रीनिवासैया