February 25, 2026

‘मेरी रसोई’ योजना खाद्य एवं पोषण सुरक्षा की दिशा में अहम कदम: विजय दत्त

‘मेरी रसोई’ योजना खाद्य एवं पोषण सुरक्षा...

चंडीगढ़, 25 फरवरी : पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत 40 लाख परिवारों को निःशुल्क राशन किट प्रदान करने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की भावना के अनुरूप खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय पहल बताया।

विजय दत्त ने कहा कि आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों को उनका खाद्य अधिकार समय पर और उचित गुणवत्ता के साथ मिले। ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत तिमाही आधार पर दी जाने वाली राशन किटें राज्य में पोषण स्तर सुधारने में सहायक सिद्ध होंगी।

किट में शामिल होंगी ये आवश्यक वस्तुएं

योजना के अनुसार प्रत्येक पात्र परिवार को दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल प्रदान किया जाएगा। ये किटें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वितरित किए जाने वाले गेहूं से अलग होंगी। उन्होंने कहा कि आयोग योजना के क्रियान्वयन की निगरानी करेगा ताकि वितरण प्रणाली पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनी रहे।

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर रहेगा विशेष ध्यान

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण और वितरण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा इस संबंध में संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। विजय दत्त ने विश्वास जताया कि इस पहल से राज्य की खाद्य सुरक्षा प्रणाली और मजबूत होगी तथा पात्र परिवारों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

यह भी देखें : डा. बलबीर सिंह ने पदोन्नत एसएमओज़ के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया