पटियाला, 26 फरवरी: पंजाब में घने कोहरे के चलते बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। समाना-पटियाला रोड पर गांव फतेहपुर के पास PEPSU Road Transport Corporation (PRTC) की बस और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। बस का कंडक्टर भी घायल बताया जा रहा है।
घने कोहरे के कारण कम थी दृश्यता
जानकारी के अनुसार, PRTC बस अपने पहले फेरे में समाना से पटियाला की ओर जा रही थी, जबकि कार हरियाणा के अंबाला से आ रही थी। सुबह के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि कम विजिबिलिटी के कारण ही दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।
घायलों को पटियाला किया गया रेफर
हादसे के तुरंत बाद घायलों को समाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटियाला रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही सिटी समाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक मृतक अपने परिवार के साथ अंबाला क्षेत्र में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। मृतक समाना का रहने वाला बताया जा रहा है।

More Stories
अगर ड्रग्स पाकिस्तान से आ रहे हैं, तो बीएसएफ किसके अधीन आती है?- भगवंत सिंह मान
परविंदर झोटा हत्याकांड पर केंद्र ने पंजाब सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट, नशा विरोधी कार्रवाई का भी देना होगा ब्योरा
पंजाब में बिजली की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री से की मुलाकात