चंडीगढ़, 27 फरवरी : चंडीगढ़ में एक बार फिर पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। स्कूलों को ईमेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। धमकी मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
ईमेल के जरिए मिली धमकी, प्रशासन अलर्ट
धमकी पाने वाले स्कूलों में विवेक हाई स्कूल, कार्मल कॉन्वेंट स्कूल, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, भवन विद्यालय, सॉपिन्स स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियों की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गईं। सभी परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है और हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी आपत्तिजनक वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन जांच जारी है।
साइबर सेल कर रही ईमेल की तकनीकी जांच
जांच एजेंसियां धमकी भरी ईमेल की तकनीकी पड़ताल में जुटी हुई हैं। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से और किसने भेजी। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से देश के विभिन्न हिस्सों में स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल अभिभावकों और छात्रों में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिलाया है।
यह भी देखें : पंजाब-हरियाणा सीमा पर अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा

More Stories
चंडीगढ़ में बड़ा हादसा, बुड़ैल में सिलेंडर ब्लास्ट, पूरी बिल्डिंग में लगी भीषण आग
पंजाब विजीलैंस चीफ शरद सत्य चौहान का भ्रष्टाचार मामले में नाम, CBI FIR में बड़ा खुलासा
चुनाव आयोग ने SIR के तीसरे चरण की घोषणा की, हरियाणा में 1 जुलाई से शुरू होगा पुनरीक्षण