February 28, 2026

‘पी-पॉप कल्चर’ कॉन्सर्ट से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री से मिले करन औजला

अपने ‘पी-पॉप कल्चर’ शो से पहले दिल्ली...

नई दिल्ली, 28 फरवरी : पंजाबी गायक करण औजला इन दिनों अपने भारत दौरे ‘P-POP CULTURE’ को लेकर सुर्खियों में हैं। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले अपने मेगा कॉन्सर्ट से ठीक पहले उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने करण औजला की सराहना करते हुए लिखा कि उनके जैसे कलाकार केवल प्रस्तुति ही नहीं देते, बल्कि पीढ़ियों को प्रभावित भी करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सिर्फ संस्कृति का हिस्सा नहीं है, बल्कि राजधानी अपने सांस्कृतिक भविष्य को नई दिशा देने की ओर अग्रसर है।

आज होगा भव्य कॉन्सर्ट

करण औजला का यह बहुप्रतीक्षित शो 28 फरवरी, शनिवार शाम को आयोजित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होने वाला यह कॉन्सर्ट दर्शकों की संख्या के मामले में कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकता है। फैंस के बीच इस शो को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

11 शहरों में गूंजेगा ‘P-POP CULTURE’ टूर

‘टीम इनोवेशन’ द्वारा आयोजित यह म्यूजिक टूर पूरे भारत में धूम मचाने के लिए तैयार है। 11 शहरों का यह इंडिया रन 28 फरवरी को नई दिल्ली से शुरू होगा और 12 अप्रैल को लुधियाना में इसका भव्य समापन होगा। संगीत प्रेमियों के लिए यह टूर खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।