February 28, 2026

भारत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अलर्ट पर, उड्डयन मंत्री की हाई-लेवल बैठक

भारत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अलर्ट पर...

नई दिल्ली: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने एहतियातन देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को अलर्ट पर रखा है। हालिया क्षेत्रीय अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर संभावित प्रभाव को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने व्यापक समीक्षा की है।

नई दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री Kinjarapu Rammohan Naidu की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, Airports Authority of India (AAI), Directorate General of Civil Aviation (DGCA), विभिन्न एयरलाइन ऑपरेटरों और देश के प्रमुख हवाई अड्डा संचालकों ने भाग लिया।

बैठक में विशेष रूप से मध्य-पूर्व के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों और जारी किए गए NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) के मद्देनज़र उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की गई।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। एयरलाइनों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित देशों द्वारा जारी हवाई क्षेत्र परामर्श और NOTAM पर सतत नजर रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर वैश्विक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ानों का रूट बदलें या उन्हें डायवर्ट करें।

DGCA को चालक दल के ड्यूटी समय और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की सख्त निगरानी करने को कहा गया है।

कई उड़ानें रद्द या स्थगित

तनावपूर्ण हालात के बीच Air India और IndiGo सहित कई भारतीय एयरलाइनों ने खाड़ी देशों के लिए अपनी कुछ उड़ानों को रद्द या स्थगित करने की घोषणा की है।इज़राइल के Tel Aviv के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की एक उड़ान को एहतियातन बीच रास्ते से वापस मोड़ना पड़ा।

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, “मध्य-पूर्व क्षेत्र में उभरती सुरक्षा स्थिति और हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के मद्देनज़र सावधानी के तौर पर उड़ान को सुरक्षित रूप से उसके प्रस्थान हवाई अड्डे पर वापस भेज दिया गया। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प या पूर्ण रिफंड देने की भी घोषणा की है।