बरनाला, 1 मार्च : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी वस्तुओं, खासकर कृषि उत्पादों के लिए बाजार खोलकर प्रधानमंत्री ने किसानों और लघु एवं मध्यम उद्योगों के “मौत के वारंट” पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। राहुल गांधी यहां दाना मंडी में आयोजित ‘मनरेगा मजदूर किसान बचाओ’ महारैली को संबोधित कर रहे थे।
“चार महीने रुका सौदा 15 मिनट में क्यों मंजूर?”
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जो काम प्रधानमंत्री चार महीनों तक नहीं कर पाए, वह 15 मिनट में कैसे कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि कृषि क्षेत्र को खोलने को लेकर फंसे पेच के कारण यह समझौता चार महीने से अटका हुआ था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने कैबिनेट, कृषि मंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री से सलाह-मशविरा किए बिना ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को फोन कर समझौते को आगे बढ़ाया।
कई राज्यों के किसानों पर असर का दावा
राहुल गांधी ने दावा किया कि समझौते के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से सालाना 9 लाख करोड़ रुपये के उत्पाद खरीदने की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि यदि भारत इतना बड़ा आयात करेगा तो देश के लघु और मध्यम उद्योग खत्म हो जाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि अमेरिका यह तय करने वाला कौन होता है कि भारत किस देश से तेल खरीदेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि इस समझौते से हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कृषि क्षेत्र का दरवाजा पूरी तरह खोल दिया है।
खड़गे का बयान: “सरेंडर मोदी”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली में कहा कि प्रधानमंत्री अब “सरेंडर मोदी” बन गए हैं। उन्होंने पंजाब में केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की ‘आप’ सरकार के खिलाफ दोहरे मोर्चे की बात कही और लोगों से राहुल गांधी का समर्थन करने की अपील की।
रैली में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, गुरजीत सिंह औजला, सुखजिंदर रंधावा और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जबकि बरनाला से विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने सभी का धन्यवाद किया।
यह भी देखें : जालंधर में दहशत: 24 घंटे में दूसरी बार चली गोलियां

More Stories
ECHS घोटाल : लम्बे समय से खेला जा रहा फर्जी इलाज का खेल
पंजाब में फरवरी के अंतिम दिनों में होने लगा गर्मी का अहसास, आगे क्या?
जालंधर में दहशत: 24 घंटे में दूसरी बार चली गोलियां