नई दिल्ली, 1 मार्च : ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश में तनाव और बढ़ गया है। उनकी मौत के तुरंत बाद क़ोम शहर की प्रसिद्ध जमकरान मस्जिद के गुंबद पर लाल रंग का “इंतकाम का झंडा” फहराया गया। इस झंडे को बदले और न्याय के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाल झंडा समर्थकों के गुस्से और बदला लेने की भावना को दर्शाता है। ईरान में जमकरान मस्जिद को धार्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए वहां इस झंडे का फहराया जाना एक बड़ा और प्रतीकात्मक संदेश माना जा रहा है।
खबरों के मुताबिक, खामेनेई की शनिवार को तेहरान में अमेरिका-इज़राइल के संयुक्त हवाई हमले में मौत हुई। ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार को उनकी मौत की पुष्टि की, जिसके बाद ईरान सहित कई देशों में शोक और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले।
अमेरिका और इज़राइल की प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी कर खामेनेई को इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक बताया और कहा कि यह ईरानी जनता के लिए अपना देश वापस लेने का अवसर हो सकता है।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि कई संकेत मिल रहे हैं कि तानाशाह अब जीवित नहीं है। उन्होंने ईरानी लोगों से मौजूदा शासन को उखाड़ फेंकने और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एकजुट होने की अपील की।
इज़राइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया कि खामेनेई इज़राइल को नष्ट करने की योजना का मास्टरमाइंड था। उनकी मौत की खबर के बाद तेहरान के कुछ इलाकों में नारेबाज़ी सुनाई दी, जबकि उस क्षेत्र में काला धुआं देखा गया जहां वे रहते थे।
ईरान में अंतरिम व्यवस्था
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में अंतरिम नेतृत्व की व्यवस्था की गई है। 66 वर्षीय मौलवी अलीरेज़ा अराफी को तीन सदस्यीय अंतरिम नेतृत्व परिषद में शामिल किया गया है।
सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, अराफी को परिषद का धार्मिक सदस्य नियुक्त किया गया है। इस परिषद में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन और चीफ जस्टिस गोलामहुसैन मोहसिनी एजई भी शामिल हैं। यह परिषद तब तक देश का नेतृत्व करेगी जब तक एक्सपर्ट्स की असेंबली नए सुप्रीम लीडर का चयन नहीं कर लेती। सरकारी मीडिया ने इस नियुक्ति की पुष्टि की है।

More Stories
खेतों से जल सुरक्षा : कैसे नागरिकों तक पहुंच रहा है भारत-इज़राइल सहयोग?
खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट, प्रमुख स्थानों पर बढ़ाई सुरक्षा
US-इज़राइली हमले में खामेनेई की मौत पर भड़के चीन और रूस