March 1, 2026

US-इज़राइली हमले में खामेनेई की मौत पर भड़के चीन और रूस

US-इज़राइली हमले में खामेनेई की...

नई दिल्ली, 1 मार्च : रूस और चीन ने अमेरिका-इज़राइल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मॉस्को और बीजिंग के नेताओं ने इस कदम की सख्त आलोचना करते हुए सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकने की मांग की है।

86 वर्षीय खामेनेई ईरानी सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाते हुए किए गए बड़े हवाई हमले में मारे गए थे। उनकी मौत से क्षेत्र में नई अस्थिरता पैदा हो गई है। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों से पलटवार किया।

पुतिन ने क्या कहा?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खामेनेई की मौत को कानून का निंदनीय उल्लंघन बताया। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, पुतिन ने इसे मानव नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी नियमों का गंभीर उल्लंघन करार दिया।

क्रेमलिन द्वारा जारी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन को संबोधित एक पत्र में पुतिन ने खामेनेई के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

चीन ने क्या कहा?

चीन ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। एएफपी के अनुसार, बीजिंग ने कहा कि यह हत्या ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों व अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानकों के खिलाफ है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा, “चीन इसका कड़ा विरोध करता है और इसकी सख्त निंदा करता है। हम सैन्य कार्रवाई को तुरंत रोकने की मांग करते हैं।”

चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। यह बातचीत रूसी पक्ष की पहल पर हुई।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, वांग यी ने कहा, “एक स्वतंत्र राष्ट्र के नेता की खुलेआम हत्या और अमेरिका तथा इज़राइल द्वारा शासन परिवर्तन के लिए उकसाना अस्वीकार्य है।”