March 1, 2026

खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट, प्रमुख स्थानों पर बढ़ाई सुरक्षा

खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली में हाई...

नई दिल्ली, 1 मार्च : अमेरिका और इज़राइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद राजधानी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दूतावासों समेत सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

विभिन्न जगहों पर वाहनों की नाकेबंदी की गई है। सभी जिलों में आवश्यकता अनुसार अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं, जो किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रख रहे हैं। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से कड़ी कर दी गई है।

गश्त बढ़ाने के निर्देश

कानून-व्यवस्था के विशेष आयुक्त रवींद्र सिंह यादव और मधुप तिवारी ने रविवार को अपने-अपने रेंज के संयुक्त आयुक्तों, अतिरिक्त पुलिस आयुक्तों, डीसीपी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को अपने-अपने जिलों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

मेटल डिटेक्टर से जांच शुरू

राजधानी के सभी प्रमुख इमामबाड़ों और मस्जिदों पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, खासकर शिया समुदाय से जुड़े इलाकों में। जाफराबाद, सीलमपुर, मुस्तफाबाद, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, ओखला और लाजपत नगर जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकियां स्थापित की गई हैं। प्रमुख स्थानों के बाहर मेटल डिटेक्टर लगाकर जांच शुरू कर दी गई है।

नई दिल्ली जिले में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चाणक्यपुरी स्थित अमेरिका, ईरान, इज़राइल और अन्य पश्चिमी देशों के दूतावासों और उच्चायोगों के बाहर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और कमांडो तैनात किए गए हैं।

हर गतिविधि पर कड़ी नजर

आवागमन को नियंत्रित करने के लिए दूतावास परिसरों के आसपास बैरिकेड लगाए गए हैं। वहां हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इंटरनेट मीडिया के जरिए अफवाह और भड़काऊ सामग्री फैलने की आशंका को देखते हुए IFSO और स्पेशल ब्रांच 24 घंटे डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध खातों, समूहों और पोस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि समाज विरोधी तत्व दिल्ली-एनसीआर में अशांति फैलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी कारण रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बस टर्मिनलों, मॉल और प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ता सार्वजनिक स्थलों पर गहन जांच कर रहा है।