March 5, 2026

अरब देशों में फंसे पंजाबियों को निकालने के लिए सीएम मान ने केंद्र से अपील

अरब देशों में फंसे पंजाबियों को निकालने के लिए...

चंडीगढ़, 5 मार्च : भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू से फोन पर बातचीत कर युद्ध प्रभावित मध्य पूर्व (अरब देशों) में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से विशेष उड़ानों का प्रबंध करने की अपील की ताकि प्रवासी पंजाबी जल्द अपने परिवारों तक पहुंच सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया है कि अरब देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे, जिसमें विशेष उड़ानों का संचालन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने फंसे लोगों की सूची संपर्क नंबरों सहित केंद्र सरकार के साथ साझा कर दी है।

प्रवासी मामलों के मंत्री ने भी की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह भी केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मिले हैं और उन्होंने पंजाबियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि युद्ध के अचानक शुरू होने के कारण बड़ी संख्या में पंजाबी खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के लिए इन सभी लोगों की सुरक्षित घर वापसी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

फंसे परिवारों की मदद के लिए 24×7 कंट्रोल रूम

मुख्यमंत्री ने बताया कि फंसे पंजाबियों के परिवारों की सहायता के लिए पंजाब सरकार ने 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए एनआरआई विंग के कंट्रोल रूम नंबर 0172-2260042, 0172-2260043 या व्हाट्सएप नंबर +91 94787-79112 पर संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार इस कठिन समय में खाड़ी देशों में फंसे नौजवानों और छात्रों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाएगी।

यह भी देखें : बच्चों के मोबाइल उपयोग को सीमित करें: स्पीकर संधवां