March 5, 2026

सी.बी.एस.ई. ने मिडल ईस्ट में 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित की

सी.बी.एस.ई. ने मिडल ईस्ट में 10वीं और...

नई दिल्ली, 5 मार्च : ईरान और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते टकराव और अस्थिर हालात को देखते हुए सीबीएसई (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के देशों में आयोजित होने वाली 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को 11 मार्च तक रद्द कर दिया है। बोर्ड ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

7 मार्च की 12वीं की परीक्षा भी टली

सीबीएसई ने 10वीं के बाद अब 12वीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर भी अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने 7 मार्च को होने वाली 12वीं कक्षा की परीक्षा को भी फिलहाल स्थगित कर दिया है। बोर्ड का कहना है कि मौजूदा हालात में छात्रों का परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचना मुश्किल हो सकता है। मिडिल ईस्ट के कई देशों में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। ईरान और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे संघर्ष के कारण छात्रों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे में सीबीएसई ने अपने सभी परीक्षा केंद्रों पर 11 मार्च तक होने वाली 10वीं की परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है।

परिणाम को लेकर अभी फैसला बाकी

बोर्ड ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि रद्द की गई परीक्षाओं के अंक किस आधार पर दिए जाएंगे। संभावना है कि परिणाम घोषित करने के लिए इंटरनल असेसमेंट का फार्मूला अपनाया जा सकता है या हालात सामान्य होने पर दोबारा परीक्षा आयोजित की जा सकती है। इस बारे में जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

खाड़ी देशों में भारतीय छात्रों और अभिभावकों में चिंता

सीबीएसई के इस फैसले के बाद खाड़ी देशों में पढ़ रहे हजारों भारतीय छात्रों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है। सभी अब बोर्ड के अगले फैसले और नई परीक्षा व्यवस्था को लेकर इंतजार कर रहे हैं।