March 18, 2026

पंजाब में सड़क निर्माण कार्य तेज: 30 जून 2026 तक 20,500 किमी का लक्ष्य

पंजाब में सड़क निर्माण कार्य तेज...

चंडीगढ़, 18 मार्च: पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा राज्य में सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी प्रोजेक्ट तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। विभाग द्वारा प्रतिदिन 60 किलोमीटर से अधिक सड़कों का नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।

तेज गति से चल रहा निर्माण कार्य

मंत्री के अनुसार, राज्य में हॉट मिक्स प्लांट्स पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं, जिससे आने वाले समय में प्रतिदिन 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।पंजाब सरकार ने 30 जून 2026 तक लगभग 20,500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण और सुधार का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे राज्य का सड़क नेटवर्क और मजबूत होगा।

बिटुमेन की कमी से निपटने की तैयारी

खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण बिटुमेन की संभावित कमी को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को सप्लायर कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो। बैठक के अंत में मंत्री ने अधिकारियों को वित्तीय और कार्य संबंधी लक्ष्यों को हर स्थिति में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सके।