बठिंडा, 23 मार्च : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में पंजाब की पुरानी शान बहाल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे पंजाब फिर से ‘रंगला पंजाब’ की ओर अग्रसर हो रहा है। विरासती मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण सांस्कृतिक मेले बंद हो गए थे, जबकि ये राज्य की पहचान का अहम हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि अब सरकार के प्रयासों से ‘रंगला पंजाब’ के रंग फिर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने गिद्धा और भांगड़ा को पंजाब की आत्मा बताते हुए कहा कि ऐसे मेले बच्चों और युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
स्वास्थ्य योजना से 65 लाख परिवारों को राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत राज्य के सभी 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इस योजना में आय की शर्त समाप्त कर दी गई है और अब सरकारी कर्मचारी व पेंशनभोगी भी इसके दायरे में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है और 881 आम आदमी क्लीनिक लोगों को रोजाना मुफ्त इलाज उपलब्ध करा रहे हैं।
नशों के खिलाफ अभियान बना जन आंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान ने नशे के कारोबार की रीढ़ तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने नशे को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने सप्लाई लाइन तोड़कर और बड़े तस्करों पर कार्रवाई कर इस नेटवर्क को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि अब यह अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है और इसमें लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं और खेलों को बढ़ावा देकर उन्हें नशों से दूर रखा जा रहा है। “खेडां वतन पंजाब दियां” जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बठिंडा में आयोजित खेलों में तीन पीढ़ियों की भागीदारी उत्साहजनक रही है और सरकार गांव-गांव में खेल मैदान विकसित कर रही है।
पानी और बिजली क्षेत्र में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नहरों का पानी अब अंतिम छोर तक पहुंच रहा है, यहां तक कि बठिंडा के रेतीले टीलों तक भी पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और धान के सीजन में ट्यूबवेलों को दिन के समय आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही समग्र विकास और लोगों की खुशहाली को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि मेलों में लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि सरकार अपने मिशन में सफल हो रही है। उन्होंने अंत में कहा कि महान शहीदों, विशेषकर भगत सिंह के सपनों को साकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
यह भी देखें : हरियाणा DGP और पत्नी को पाकिस्तानी साइबर अपराधियों का निशाना

More Stories
भगवंत मान सरकार का सार्वभौमिक स्वास्थ्य मॉडल आयुष्मान भारत से बेहतर
ओ.टी.एस. स्कीम से 111.16 करोड़ की वसूली, व्यापारियों का बढ़ा भरोसा: हरपाल सिंह चीमा
श्री मुक्तसर साहिब में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार