March 25, 2026

दिल्ली बस हादसा: JCB की मदद से बचाई गई यात्रियों की जान

दिल्ली बस हादसा: JCB...

नई दिल्ली, 25 मार्च : राजधानी नई दिल्ली में हुए बस हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर सीटों के बीच फंस गए थे, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई। एडिशनल डीसीपी सेंट्रल ऋषि कुमार के अनुसार, मौके पर मौजूद कॉन्स्टेबल रोहित ने समझदारी दिखाते हुए पास से गुजर रही JCB मशीन को रुकवाया और तुरंत राहत कार्य शुरू कराया।

JCB से बस उठाकर निकाले गए घायल

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से JCB के जरिए बस को थोड़ा ऊपर उठाया गया और नीचे सीमेंट के ब्लॉक लगाकर उसे स्थिर किया गया। इससे फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना संभव हो सका। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 10 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत सर गंगा राम अस्पताल भेजा गया। इसके बाद अन्य घायलों, महिलाओं और बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बस चालक भी घायल, इलाज जारी

इस हादसे में 26 वर्षीय बस चालक पंकज कुमार, निवासी अलवर (राजस्थान), भी घायल हुआ। उसे लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की सराहना की। समय पर किए गए इस प्रयास से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी।

यह भी देखें : पश्चिम एशिया में शांति पर मोदी-ट्रंप की फोन पर हुई अहम चर्चा